बलवाड़ा (खरगोन). बलवाड़ा फॉरेस्ट ऑफिस के पीछे स्थित खेत में सोमवार सुबह 9.30 बजे एक विस्फोट में 12 वर्षीय बालक मोहित पिता सुरेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विस्फोट इतना तेज था कि बालक के 50 फीट दूर तक चिथड़े उड़ गए।
विस्फोट के बाद बालक के शव को पहचान पाना मुश्किल हो गया। पास में काम कर रहा एक युवक गंभीर घायल हो गया। उसे इंदौर रैफर किया गया है। जहां की घटना है उससे लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का रेंज भी है। यहां से किसी विस्फोटक के पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि यह अभी साफ नहीं हो पाया है। किस चीज से विस्फोट हुआ पुलिस जांच कर रही है। इंदौर निवासी लोकेश मराठा का खेत बालक के पिता ने गेहूं की फसल बोने के लिए किराए पर लिया था।
दूर-दूर तक बिखरे थे शरीर के टुकड़े - प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शी मजदूर महेश पिता छगन सिंचाई कर रहा था। उन्होंने बताया कि बालक खेल रहा था तभी विस्फोट हुआ। तब पानी पीने के लिए कुछ दूर गया था। तेज आवाज से मेरे दोनों कान सुन्न हो गए। पलटकर देखा तो बालक की मौत हो गई थी। पास काम कर रहा गुड्डा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के 50 फीट के एरिया में उसके शरीर के टुकड़े दूर-दूर तक पड़े थे।
गंभीर घायल गुड्डा पिता मोहन को बाइक से अस्पताल ले गए।
पुलिस ने कहा- ग्रेनेड को तोड़ने के दौरान ब्लास्ट
एसपी सुनील कुमार पांडेय के अनुसार, संभवत: ग्रेनाड ब्लास्ट हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया कि संभवत: फायरिंग के दौरान टूटे हुए ग्रेनेड को बीन कर खेत में लाया गया होगा, जिसे तोड़ने के दौरान ब्लास्ट हो गया। हालांकि, यह पूरा क्षेत्र प्रतिबंधित है। ग्रेनेड यहां कैसे लेकर आए, यह जांच का विषय है। एक्सपर्ट जांच में जुटे हुए हैं।